logo

उपराष्ट्रपति धनखड़ का धनबाद दौरा कल, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट; शहर में 2 घंटे तक वाहनों की नो इंट्री 

DHANKHAD.jpg

धनबाद 

उपराष्ट्री जगदीप धनखड़ कल धनबाद के दौरे पर रहेंगे। इसे लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। धनबाद शहर में किसी तरह के वाहन की इंट्री 2 घंटे तक बंद रहेगी। उपराष्ट्रपति का काफिला जिन सड़कों से गुजरेगा, उन सड़कों के किनारे भी वाहनों के खड़ा रहने पर पाबंदी लगा दी गयी है। गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति धनखड़ कल यानी रविवार को आईआईटी आईएसएम के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए धनबाद आ रहे हैं। वे संस्थान के 2022-23 बैच के सफल छात्रों को प्रमाण पत्र सौपेंगे। उपराष्ट्रपति के आमगन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े उपाय किये गये हैं। हालांकि आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर शहर के कई रूट्स में बदलाव किये गये हैं। 

बसों के लिए अस्थाई पड़ाव बनाये गये 

मिली खबर के मुताबिक धनबाद के बरटांड़ बस पड़ाव और रेलवे स्टेशन से चलने वाली सभी बसों के लिए बिरसा मुंडा पार्क के पास अस्थाई बस पड़ाव बनाया गया है। सुबह नौ बजे से लेकर रात नौ बजे तक सभी बसें यहीं से खुलेंगी और बाहर से आने वाले वाहन भी यहीं रुकेंगे। कहा गया है कि उपराष्ट्रपति का काफिला गुजर जाने के बाद बंद रास्तों को खोला जा सकता है। उपराष्ट्रपति का काफिला गुजरने के समय किसान चौक बरवाअड्डा थाना से बराकर ब्रिज मैथन ओपी तक किसी भी तरह के वाहन के चलने पर पाबंदी लगा दी गयी है। किसान चौक से मेमको मोड़, सिटी सेंटर, लुबी सर्कुलर रोड़, रणधीर वर्मा चौक, पुलिस लाइन होते हुए आइआइटी आइएसएम गेट तक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। 

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन भी होंगे साथ 

उपराष्ट्रपति के धनबाद दौरे के समय उनके साथ झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन भी रहेंगे। दोनों नेताओं के दौरे को लेकर आज अधिकारियों ने रूट्स का निरीक्षण किया है। धनबाद, डीसी वरुण रंजन की अगुवाई में अधिकारियों के एक दल ने किसान चौक से लेकर आईआईटी आईएसएम तक की सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान में सड़क पर रौशनी की व्यवस्था, गड्ढों को भरने, साज-सज्जा और सुरक्षा के लिए दूसरे जरूरी निर्देश स्थानीय पुलिस को दिये। अधिकारियों ने कहा कि इन सड़कों पर निजी वाहनों की पार्किंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।